MP Cabinet Expansion: मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार कल यानी 25 दिसंबर को होगा. इसके लिए राजभवन में तैयारियां भी शुरू हो गई है. शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर साढ़े 3 बजे होगा. दिल्ली में कई दौर की मीटिंग के बाद अब शपथ लेने वाले विधायकों का नाम फाइनल हो गया हैं.
कल करीब 18-20 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. विधानसभा चुनाव के रिजल्ट जारी हुए करीब 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका. हालांकि, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कल राज्य के मंत्रिमंडल में नए और पुराने चेहरों का समावेश नजर आएगा.
वहीं, लोकसभा के मद्देनजर जातिगत समीकरणों को साधने की भी भरपूर कोशिश की जाएगी. फ़िलहाल, अब मोहन कैबिनेट में किन विधायकों को शामिल किया जाएगा और किन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, इसकों लेकर राजनीतिक गलियारों में सस्पेंस बरकरार है. ख़ैर, ये सस्पेंस भी कल मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही खत्म हो जायेगा.
बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव दो दिनों से दिल्ली में रहकर बीजेपी के कई सीनियर नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की. मुख्यमंत्री अब आज शाम को ही दिल्ली से वापस एमपी लौटेंगे.