MP Dog Attack: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों आवारा कुत्ते बड़ी मुसीबत का सबब बनते जा रहे हैं. दरअसल, बीते 15 दिनों में आवारा कुत्तों ने 2 मासूम बच्चों की जान ले ली. हाल ही में यहां आवारा कुत्ते के काटने से एक और मासूम ने दम तोड़ दिया है.
यह घटना भोपाल के आशिमा मॉल के पास की बताई जा रही है. जहां कटारा हिल्स इलाके में रहने वाले 4 साल के सुलेमान को 15 दिन पहले आवारा कुत्ते ने काट लिया था. हालांकि, 7-8 दिन बाद बच्चे की तबीयत फिर बिगड़ गई, उसे अस्पताल ले गए. जहां अजीब अजीब हरकत करने के बाद उसने दम तोड़ दिया.
बता दें कि मासूम की मां निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रही थी, तभी उसे आवारा कुत्ते ने काट लिया था. जिसके बाद परिजन ने सुलेमान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया. उसे रेबीज का इंजेक्शन भी लगाया था लेकिन फिर भी कुछ दिन बाद कुत्ते के काटने से सुलेमान की मौत हो गई. राजधानी में कुत्ते के काटने से बच्चों की मौत की ये दूसरी घटना है.
इससे पहले भोपाल के मिनाल इलाके में आवारा कुत्तों ने 6 साल के मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया था. कुत्तों ने बच्चे का हाथ भी काटकर अलग कर दिया था. इस घटना के बाद मोहन यादव सरकार ने सख़्त एक्शन लेते हुए पशु प्रेमियों पर FIR भी दर्ज कराई थी.
साथ ही इन आवारा कुत्तों के खिलाफ नगर निगम ने मुहिम चलाई है, लेकिन आशिमा मॉल के पास से सामने आई कुत्तों के हमले की दूसरी घटना बता रही है कि नगर निगम पूरी तरह फेल हो गया है.