कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 50 सीटें मिलने पर भी खुद का मुंह काला करने की बात कह रहे हैं।
दतिया जिले की भांडेर सीट से जीते कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। दरअसल 3 दिसंबर को घोषित नतीजों में बीजेपी ने प्रचंड जीत के साथ बहुमत हासिल कर लिया है। इसके बाद से ही बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या फूलसिंह बरैया अब अपना मुंह काला करेंगे?
अब अपने वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस विधायक ने कहा कि वह अपनी बात पर कायम हैं और अपना मुंह काला करेंगे। फूलसिंह बरैया 7 दिसंबर को दोपहर 2 बजे भोपाल राजभवन के सामने अपने हाथ से मुंह काला करेंगे। इसके साथ ही फूलसिंह बरैया ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस पोस्टल और मेल लेटर वोटों की गिनती में आगे थी, लेकिन ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होते ही बीजेपी ने बढ़त बना ली। विधायक बरैया ने ये भी कहा है कि ईवीएम से वोटिंग बंद होनी चाहिए।
आपको बता दें कि भांडेर सीट पर फूल सिंह बरैया ने 29 हजार 438 वोटों से जीत हासिल की है। कांग्रेस के इस नेता ने बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम पिरौनिया को हराया है। 2018 के चुनाव में रक्षा संतराम सिरोनिया ने कांग्रेस के टिकट पर यह सीट जीती थी। इसके बाद सिरोनिया ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ दी और बीजेपी का हाथ थाम लिया।
2020 के चुनाव में रक्षा ने फिर से बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की। हालांकि, इस बार बीजेपी ने रक्षा का टिकट काटकर पूर्व विधायक घनश्याम पिरौनिया पर दांव लगाया, लेकिन वह पार्टी को जीत नहीं दिला सके।