मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले प्रदेश की राजधानी भोपाल में पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ कई कांग्रेस प्रवक्ताओं के पोस्टर लगाए गए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजे डिक्लेयर होने के बाद अब कांग्रेस पार्टी के इन पोस्टर्स को उतारे जाने का काम किया जा रहा है।

राजधानी भोपाल में इस उम्मीद के साथ कि प्रदेश में कमलनाथ सरकार आ रही है नतीजों से पहले ही ये पोस्टर लगाए गए थे। आपको बता दें कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता अब्बास हफीज और कांग्रेस प्रवक्ता स्वदेश शर्मा के साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ के भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के बाहर कुछ इस तरह के पोस्टर्स लगाए गए थे। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को बधाई देते हुए लिखा गया- कल को देने सुनहरा आकार, आ रही कमलनाथ सरकार।

पोस्टर्स के अलावा कांग्रेस नेताओं ने 130 से 140 सीटें जीतने का भी दावा भी किया था। लेकिन कांग्रेस के ये सभी दावे फेल हो गए। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को वोटिंग हुई थी। प्रदेश में वोटों की गिनती रविवार 3 दिसंबर को हुई। जिसमें प्रदेश में 163  सीटों के साथ बीजेपी ने भारी बहुमत से चुनाव में जीत हासिल की। वहीं प्रदेश में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। 

कांग्रेस को चुनाव में मिली हार को लेकर अब आत्ममंथन जारी है। प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता न मिल पाने के कारण तलाशे जा रहे हैं। साथ ही बैठकों का दौर भी जारी है।