मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने हार की समीक्षा शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को कांग्रेस के सभी 230 प्रत्याशियों को मंगलवार को भोपाल बुलाया और चुनाव नतीजों पर फीडबैक लिया।

राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कमलनाथ ने सभी प्रत्याशियों से वन टू वन चर्चा की। कांग्रेस के अधिकांश उम्मीदवारों ने अपनी हार का कारण लाड़ली बहना योजना को बताया। कुछ उम्मीदवारों ने EVM में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए।

बैठक में कमलनाथ ने कहा कि एग्जिट पोल तो माहौल बनाने के लिए था। जिनको पहले से परिणाम पता था, उसने एग्जिट पोल बनवाया होगा। कमलनाथ कांग्रेस उम्मीदवारों से मिले फीडबैक के साथ आज शाम दिल्ली जाएंगे। वहां AICC हेड क्वार्टर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

बैठक में विधानसभा क्षेत्रों में RSS के माध्यम से दो-दो करोड़ रुपए बांटने के भी आरोप लगाए गए। विधायक कमलेश्वर पटेल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का पैसा मतदान की तारीख से पहले खातों में डालकर लोकतंत्र की हत्या की गई है। EVM में गड़बड़ी की गई है।