भोपाल: राज्य का वन विभाग अगले वित्त वर्ष में कैम्पा फण्ड से सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान हेतु वायरलैस सूचना प्रणाली पर 12 करोड़ 47 लाख रुपये व्यय करेगा जबकि जंगलों की सुरक्षा में लगे वनकर्मियों को दस करोड़ रुपये के कुल 5 हजार स्मार्टफोन भी प्रदान करेगा।
इसके लिये कैम्पा फण्ड की वार्षिक कार्ययोजना में नवीन प्रावधान किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इसी प्रकार स्ट्रांग रुम कैमरों एवं अतिक्रमण रोधी खंती हेतु 10 करोड़ 32 लाख रुपये व्यय किये जायेंगे जबकि रोपणों एवं वन सुरक्षा हेतु 618 गश्ती वाहन लेने हेतु 36 करोड़ 63 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे।
इसके अलावा, वनों की सीमा पर 20 हजार 824 मुनारे बनाई जायेंगे जिस पर कुल 13 करोड़ 72 लाख रुपये व्यय किये जायेंगे। वनों को आग से बचाने के लिये अग्रिरेखाओं का रखरखाव आदि पर 23 करोड़ 38 लाख रुपये, 10 वॉच टॉवर बनाने पर 85 लाख रुपये एवं आधुनिक उपकरण एवं सेफ्टी किट पर 12 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे।