वरिष्ठ IAS अधिकारी वीरा राणा गुरुवार को प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करेंगी। प्रदेश सरकार ने बुधवार रात वीरा राणा को राज्य के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। वे मध्यप्रदेश में निर्मला बुच के बाद मुख्य सचिव का पद संभालने वाली दूसरी महिला अधिकारी होंगी।
वर्तमान में मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अध्यक्ष वीरा राणा निवर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बाद सबसे सीनियर अधिकारी हैं। उनका रिटायरमेंट मार्च 2024 में है।
इकबाल सिंह बैंस दो सेवा विस्तार के बाद 30 नवंबर 2023 को रिटायर हो जाएंगे। बैंस को छह-छह महीने के दो सेवा विस्तार मिलने के बाद और सूबे में विधानसभा चुनाव होने के चलते ये कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें विधानसभा चुनाव के नतीजे आने तक एक बार और सेवा विस्तार दिया जा सकता है।
वीरा राणा को मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार देने के फैसले के साथ ही इन कयासों पर विराम लग गया। बुधवार को ही वीरा राणा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाक़ात की थी। इसके बाद ही यह तय माना जा रहा था कि वे अगली प्रशासनिक मुखिया होने जा रही हैं।
बैंस को पिछले साल यानी 30 नवंबर 2022 को ही रिटायर होना था, लेकिन विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उन्हें 31 मई 2023 तक छह महीने का विस्तार दे दिया गया था। बाद में इकबाल सिंह बैस को छह महीने का सेवा विस्तार और दे दिया गया, जिसके बाद उनकी सेवावृद्धि 30 नवंबर 2023 तक हो गई।