विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान छिंदवाड़ा से शुरुआत कर लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस बार सीएम शिवराज का लक्ष्य प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतने का है। इसी क्रम में CM शिवराज बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा पहुंचे। सीएम शिवराज के छिंदवाड़ा आगमन पर जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों तथा विशेष रूप से लाड़ली बहनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
छिंदवाड़ा पहुँचने से पहले CM शिवराज ने 29 कमल के फूलों की माला का संकल्प लिया। सीएम शिवराज ने कहा कि अब अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर 'कमल' खिलाना है। इसके लिए हम सभी भाजपा के समर्पित व निष्ठावान कार्यकर्ता आगे भी पूरे समर्पण के साथ कड़ा परिश्रम कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए निश्चय ही '29 कमलों' की माला को हमारे प्रिय प्रधानमंत्री जी को समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के छिंदवाड़ा दौरे को इसी संकल्प का हिस्सा माना जा रहा है। बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर कब्जा किया था। केवल कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा सीट पर ही कांग्रेस जीत हासिल कर पाई थी। इस बार विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने छिंदवाड़ा जिले की सभी 7 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। ऐसे में अब कमलनाथ के दुर्ग को फतह करने सीएम शिवराज ने 29 कमल की माला का संकल्प लिया है।
यही कारण है कि दिल्ली जाने के सवाल पर सीएम शिवराज ने कहा था कि वह दिल्ली नहीं जाएंगे। वह बुधवार को दिल्ली की बजाय छिंदवाड़ा जाएंगे। जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद छिंदवाड़ा की सभी हारी हुई सीटों पर मंथन करेंगे। छिंदवाड़ा पहुँचने के बाद सीएम शिवराज ने विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने पर अपनी प्रिय लाड़ली बहनों का आभार व्यक्त किया। सीएम शिवराज ने छिंदवाड़ा की प्रिय बहनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं को एक आमसभा के जरिए संबोधित किया और लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों की शुरुआत की। प्रदेश में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद सीएम शिवराज का यह पहला छिंदवाड़ा दौरा है।