मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग गुजरात में हुए एक सड़क हादसे में बाल बाल बच गए। चुनाव प्रचार के लिए गुजरात पहुँचे मंत्री विश्वास सारंग की कार में शनिवार को एक डंपर ने टक्कर मार दी। 

टक्कर में मंत्री सारंग की कार क्षतिग्रस्त हो गई अच्छा यह रहा कि  मंत्री सारंग और  उनके साथ मौजूद लोगों को चोट नहीं आयी। हादसा  गुजरात के बनासकाँठा में हुआ। बता दें की मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई मंत्री भी गुजरात चुनाव के प्रचार में सक्रिय हैं। 

बताया जा रहा है कि मंत्री विश्वास सारंग अपने प्रभार की विधानसभा सीट कांकरेज में कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। हादसा बनासकांठा के भिलडी में हुआ। विश्वास सारंग को गुजरात के बनासकांठा जिले की चार विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अगले एक पखवाड़े में गुजरात में करीब 25 रैलियां करने वाले हैं। इन रैलियों की शुरूआत आज प्रधानमंत्री के तीन दिवसीय दौरे से शुरू हो रही है। वे शनिवार की शाम वलसाड में रैली को संबोधित करेंगे।