22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। इस ऐतिहासिक शुभ अवसर पर प्रशासन की ओर से सभी मंदिरों और सरकारी कार्यालयों में सफाई अभियान चलाया है। मंगलवार की सुबह भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने हाथ में झाड़ू थामे नज़र आए। कलेक्टर साहब के साथ अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी कलेक्टर कार्यालय परिसर की सफाई की और स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि यह अभियान 22 जनवरी तक चलाया जाएगा। इसमें शहर के सभी मंदिरों, कार्यालयों और कॉलोनियों में लोगों की मदद से साफ सफाई कर विशेष सजावट की जाएगी। प्रभात फेरी, कीर्तन-भजन आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों और परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिये। इसके साथ ही कलेक्टर सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से भी अपील की कि वे भी अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस दौरान एडीएम श्री हरेन्द्र नारायण,डिप्टी डीईओ श्री रविशंकर राय सहित कलेक्टर कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बताया कि 22 जनवरी को बड़ी झील के बोट क्लब पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सभी बड़े मंदिरों में 22 जनवरी तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके लिए धर्मगुरुओं से चर्चा की गई है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर रोशनी करने ,दीप प्रज्ज्वलन करने, रामायण पाठ ,भजन-कीर्तन आयोजन करने के साथ प्रसादी वितरण आदि सहित स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।