मध्यप्रदेश की 230 सीटों पर मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे से प्रारंभ हो गया है। पोलिंग बूथों पर सुबह से मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है और मतदाताओं की कतारें लगने लगी हैं।
राजधानी भोपाल की बात की जाए तो जिले की सात सीटों पर सुबह 11 बजे तक 17 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा वोटिंग हुजर सीट पर करीब 22 प्रतिशत हुई है। यहां भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा और कांग्रेस के नरेश ज्ञानचंदानी में मुकाबला है।
दूसरी ओर सबसे कम मतदान नरेला सीट पर हुआ है। यहां सुबह 11 बजे तक 12 प्रतिशत वोटिंग ही हुई है। इस सीट पर शिवराज सरकार के मंत्री विश्वास सारंग और कांग्रेस के मनोज शुक्ला के बीच मुकाबला है।
अन्य सीटों की बात की जाए तो भोपाल उत्तर में सुबह 11 बजे तक करीब 15 प्रतिशत और दक्षिण पश्चिंम में 16 प्रतिशत मतदान हुआ है। भोपाल मध्य में 13 और गोविंदपुरा में 14 फीसदी मतदान हुआ है। बैरसिया सीट पर करीब 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है।