मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का रण समाप्त होने के बाद अब प्रदेश के टॉप बीजेपी नेताओं को तेलंगाना चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश के 7 मंत्री 3 सांसद और 4 विधायकों समेत 22 नेताओं को तेलंगाना में प्रचार की कमान सौंपी गई है। तेलंगाना में कुल 119 सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग है।
एमपी के जिन मंत्रियों को तेलंगाना में प्रचार के लिए लगाया गया है उनमें डा. नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ल, कमल पटेल, विश्वास सारंग, अरविंद सिंह भदौरिया और मोहन यादव का नाम शामिल है।
वहीं तीन सांसदों में केपी यादव, अनिल फिरोजिया और गजेंद्र सिंह पटेल के अलावा विधायक रामेश्वर शर्मा, रमेश मेंदोला, यशपाल सिंह सिसोदिया, शरदेंदु तिवारी भी तेलंगाना में बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में सभाएं करेंगे।
इनके अलावा आईडीए के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, इंदौर भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व विधायक जीतू जिराती, मुकेश चौधरी, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा को भी तेलंगाना चुनाव प्रचार के लिए शामिल किया गया है।