भोपाल : सड़क पर दौड़ रहे 50 साल पुराने वाहनों और शहर के वायु प्रदूषण के मामले में मध्य  प्रदेश मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय को जांच के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 15 वर्षों से अधिक पुराने वाहनों के विभिन्न नगर निगमों, नगर पालिकाओं आदि में चलाये जाने की परिस्थितियों के संबंध में जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन भी मांगा है। बता दें कि प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक है। भोपाल में AQI कुछ दिनों से 200 से 300 के बीच दर्ज किया जा रहा है।

यह है पूरा मामला

मामला आयोग के संज्ञान में आने के बाद सख्ती करने के आदेश दिए गए हैं। इसको लेकर प्रशासन ने पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस को सभी वाहनों की पीयूसी जांच के आदेश दिये है। लेकिन विभागों में दौड़ रहे दशकों पुराने वाहनों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर निगम भोपाल में 50 साल पुराने वाहन दौड़ रहे है। इन वाहनों में एंबेसडर, जीप, शव वाहन व आदि वाहन शामिल है। ये बिना फिटनेस, पीयूसी के दौड़ रहे हैं। इनका रिकॉर्ड आरटीओं के पास भी नहीं है।