मध्यप्रदेश चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने बड़ा दांव खेला है। नगर निगम चुनाव में सिंगरौली से पार्टी का खाता खोलने वाली रानी अग्रवाल को विधानसभा चुनाव में उतार दिया है। रानी की उम्मीदवारी से सिंगरौली में चुनाव त्रिकोणीय हो जायेगा।
सोमवार को आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में अपने सबसे मजबूत नेता को विधानसभा चुनाव में उतारने का एलान लिया। मध्यप्रदेश में पार्टी की अध्यक्ष और पार्टी की एकमात्र महापौर रानी अग्रवाल को सिंगरौली से टिकट दिया गया।
रानी अग्रवाल ने पिछले साल हुए निकाय चुनाव में सिंगरौली से जीत हासिल कर प्रदेश में आप को बड़ी कामयाबी दिलाई थी। आप ने इस बार अपना फोकस भी विंध्य अंचल में रखा है। पार्टी सुप्रीमो अऱविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यहाँ रैली कर अपनी ताकत दिखा चुके हैं।
आम आदमी पार्टी ने अब तक प्रदेश की 230 सीटों में से अब तक 70 पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। सिगरौली में 2018 में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे का मुकाबला रहा, लेकिन जीत का सेहरा बीजेपी के रामलल्लू वैश्य के सिर बंधा था।
इस बार 2008 से लेकर अब तक विधायक रहे रामलल्लू वैश्य का BJP पार्टी ने टिकट काटकर रामनिवास शाह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी वजह से विधायक ने नाराज होकर बगावत करने का मूड बना लिया है और वह जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।