बागसेवनिया इलाके में मंगलवार रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या करने वाले नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने रायसेन के गैरतगंज से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मृतक पूर्व में आरोपियों के साथ मारपीट कर चुका था। घटना वाले दिन दोपहर के समय भी युवक ने उनके साथ बहसबाजी की थी, जिसके बाद तीनों नाबालिगों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। रात को स्कूटर सवार एक साथी की मदद से युवक की तलाश करते हुए आराधना विद्या निकेतन स्कूल के पास उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक भारत गतखने (28) अमराई परिसर बागसेवनिया में रहता था और केटरिंग का काम करता था। उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण भी दर्ज थे, जिसके कारण वह थाने की गुंडा लिस्ट में शामिल था। मंगलवार रात भारत अपने एक दोस्त के साथ घूमने के लिए निकला था।
रात करीब सवा दस बजे मोहल्ला स्थित आराधना विद्या निकेतन स्कूल के पास बैठा हुआ था, तभी स्कूटर सवार चार लड़के पहुंचे। इनमें से तीन लड़कों ने भारत पर चाकुओं से हमला कर दिया, जबकि स्कूटर वाला साथी आसपास के लोगों पर नजर रखे हुए था। हमला करने के बाद चारों लड़के स्कूटर पर बैठकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई अजय गतखने की रिपोर्ट पर दो नामजद और दो अन्य समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक विशेष टीम लगाई गई थी। टीम ने चारों को रायसेन के गैरतगंज से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी नाबालिग हैं और उसी इलाके के रहने वाले हैं। मृतक भारत गतखने के साथ उनका पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन दोपहर के समय भी उनके साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद नाबालिगों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और रात को उसकी हत्या कर दी।