MP News: मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव की ताजपोशी से एक दिन पहले कुर्सी छोड़ने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा कि मामा का रिश्ता प्यार का है, भैया का रिश्ता विश्वास का है, दोनों टूटने नहीं दूंगा.
शिवराज ने आगे कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में बीजेपी सरकार में जो तेजी से काम चल रहे हैं, उन्हें पूरा करेगी. लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करेगी. प्रगति और विकास की दृष्टि से मध्य प्रदेश नई ऊंचाइयों तक जल्द पहुंचेगा.
देंखें लाइव-
हालांकि, पत्रकारों ने शिवराज सिंह से दिल्ली जाने और नई जिम्मेदारी आगे क्या होगी? इस पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, एक बात मैं विनम्रता के साथ कहता हूं कि अपने लिए कुछ मांगने जाने से पहले मैं मरना बेहतर समझूंगा. इसलिए मैंने कहा था कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा. साथ ही उन्होंने पार्टी की हर जिम्मेदारी को पूरा करने का भी भरोसा दिया.
कई योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, महिला सशक्तिकरण मेरे वोट प्राप्ति का जरिया नहीं, बचपन से हमने बेटियों की दुर्दशा देखी. ये कार्यकाल कोविड के दौरान गुजरा है. संतोष के साथ अच्छी सरकार और अच्छा नेतृत्व पार्टी ने तय किया है, हम इसे सौंप कर आगे बढ़ेंगे.
जब तक मेरी सांस चलेगी ये रिश्ता टूटने नही दूँगा-
शिवराज सिंह ने आगे कहा, मुख्यमंत्री रहते हुए भी जनता से मेरे रिश्ते परिवार के रिश्ते रहे हैं. मामा का रिश्ता प्यार का और भैया का रिश्ता विश्वास का रहा है. जब तक मेरी सांस चलेगी इसे टूटने नही दूँगा जो बेहतर बन पड़ेगा उसे करने का प्रयास करूंगा.
शिवराज ने केंद्रीय नेतृत्व का भी आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल जनता के सेवा का मौका दिया बल्कि मार्गदर्शन और सहयोग भी किया. प्रदेश के नेतृत्व ने भी सदैव सहयोग किया. प्रदेश की जनता का भी आभार है, जिन्होंने मुझे हमेशा अपना माना.
विदाई का भावुक पल-
वहीं, शिवराज सिंह ने आज सुबह महिला समर्थकों से भी मुलाकात की. जिसमें कई लाड़ली बहनाये अपने भाई शिवराज सिंह से लिपटकर रो रही हैं. इस दौरान खुद शिवराज भी भावुक नज़र आये.