बालाघाट में स्ट्रांग रूम में पोस्टल बैलेट से छेड़छाड़ के कथित वायरल वीडियो को लेकर चुनाव आयोग ने अब एसडीएम गोपाल सोनी को भी निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में नोडल अधिकारी हिम्मत सिंह (तहसीलदार) पहले ही निलंबित किये जा चुके हैं।
मामले में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को केंद्रीय निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी। दिल्ली में कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, सलमान खुर्शीद और गुरदीप सिंह सप्पल आयोग कार्यालय पहुंचे थे। यहां ज्ञापन देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
अब एसडीएम गोपाल सोनी के स्थान पर डिप्टी कलेक्टर राहुल नायक को प्रभार सौंपा गया है। इस मामले में कांग्रेस ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार को भी हटाने की मांग की है। SDM को भी निलंबित किये जाने के बाद कांग्रेस ने कहा है कि क्या वास्तविक दोषी कलेक्टर को भी निलंबित किया जाएगा?
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस मामले को लेकर कहा था कि बालाघाट में डाक मतपत्रों को जिस तरह से खोला गया, वह गंभीर कदाचरण है। उसके बाद सरकारी मशीनरी और जिम्मेदार अधिकारियों ने जिस तरह से इस कृत्य को सही साबित करने की कोशिश की, वह और भी अक्षम्य अपराध है।