मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रदेश में बुजुर्ग नेताओं की छुट्टी कर दी गई है। इस बदलाव के तहत प्रदेश कांग्रेस की कमान जीतू पटवारी को सौंपी गई है। उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जीतू पटवारी 19 दिसंबर को पार्टी अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने राजधानी भोपाल आ रहे हैं। पदभार ग्रहण करने से पहले वह उज्जैन पहुंचेंगे और बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी राजीव सिंह की ओर से जारी पत्र के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 19 दिसंबर को सुबह 9 बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचेंगे, जहां वे बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। उज्जैन के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सुबह 11 बजे कार से देवास पहुंचेंगे। देवास में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी दोपहर 12.30 बजे देवास से भोपाल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे स्वागत समारोह होगा और फिर पदभार ग्रहण समारोह के लिए निकलेंगे।
लंबे समय बाद कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य में युवा टीम का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष तीनों की उम्र 50 साल से कम है। पीसीसी चीफ कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आदिवासी नेता उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।