कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 50 सीटें मिलने पर भी खुद का मुंह काला करने की बात कही थी। दतिया जिले की भांडेर सीट से जीते कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया अब गुरुवार को अपना वादा निभाने को तैयार दिखे।

इस बात को लेकर भोपाल में सियासी हलचल तेज होती दिखाई दी। फूल सिंह बरैया के बंगले पर उनके समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। फूल सिंह बरैया ने बंगले से राज भवन के लिए कूच भी किया लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें रोशनपुरा चौराहे पर रोक लिया।

दिग्विजय सिंह ने बरैया को काला टीका लगाया। इस तरह बरैया ने भी अपना वादा पूरा करने की औपचारिकता निभा ली। पूरे घटनाक्रम के बाद बरैया ने EVM वाले पोस्टरों पर काली स्याही पोत कर नतीजों को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

वहीं फूल सिंह बरैया के इस कदम को लेकर पुलिस भी मुस्तैद नज़र आई। फूल सिंह बरैया के राज भवन पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए रोशनपुरा चौराहे पर बेरीकेटिंग की। फूल सिंह बरैया और उनके समर्थकों को बेरिकेटिंग कर पुलिस रोशनपुरा चौराहे पर ही रोकने की तैयारी कर ली थी।

गौरतलब है कि बरैया ने कहा था कि अगर बीजेपी को 50 सीटें भी मिली तो वे खुद अपना मुंह काला कर लेंगे। 3 दिसंबर को घोषित नतीजों में बीजेपी ने प्रचंड जीत के साथ बहुमत हासिल कर लिया है। इसके बाद से ही बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या फूलसिंह बरैया अब अपना मुंह काला करेंगे?