मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लगातार तापमान में गिरावट आ रही है। भोपाल में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह सात बजे के बाद धूप खिली, लेकिन चमक फीकी रही। लगातार सर्द हवाओं का कहर बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार रात का तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया।
पिछले 10 दिनों की बात करें तो 7 दिनों से अधिकतम तापमान 26 डिग्री से नीचे है, जबकि रात का तापमान 11 डिग्री के आसपास है। दिसंबर के लिए सामान्य औसत अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस है। फिलहाल दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे है।
आज 14 और कल 15 दिसंबर को भोपाल के आसमान पर बादल छाये रहने की संभावना है। ऐसा उत्तर भारत पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। ऐसे में दिन का तापमान 25 डिग्री से नीचे जा सकता है। वहीं, रात का तापमान 11-12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
राजधानी के कई हिस्से ऐसे हैं जहां रात में बहुत ठंड होती है। इसकी वजह यहां की हरियाली है। इन इलाकों में कोलार रोड, शौर्य स्मारक के आसपास, वीआईपी रोड, जेल पहाड़ी, चार इमली, श्यामला हिल्स, बैरागढ़ आदि शामिल हैं।