भोपाल गुरुवार को प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया। दीपावली के बाद से प्रदेश के कई शहरों के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में कमी आई है, लेकिन प्रदेश की राजधानी भोपाल में यह कमी अन्य शहरों के मुकाबले में कम रही। जिसके कारण ग्वालियर को पीछे छोड़ कर अब भोपाल प्रदेश का सबसे  प्रदूषित शहर बन गया है।

दीपावली के दिन भोपाल में AQI अधिकतम 353 था, जो अब घटकर 322 पर आ गया है। वहीं ग्वालियर का AQI 397 था जो अब भोपाल से कम  यानी 319 हो चुका है। वहीं दीपावली पर सिंगरौली का AQI भोपाल से ज्यादा 377 था जो अब 310 ही रह गया है। आपको बता दें कि 323 AQI का मतलब स्थिति प्री-क्रिटिकल है। एक्यूआई 400 तक पहुंचते ही यह गंभीर हो जाता है।

 शहर            AQI दिवाली         AQI अब
भोपाल                353                     322
ग्वालियर             397                     319
सिंगरौली             377                     310
जबलपुर              331                     301
कटनी                 318                      279

पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में आमतौर पर AQI बढ़ जाता है। ठंड के मौसम में वाहनों से निकलने वाली हानिकारक गैसें फैल नहीं पातीं और वायुमंडल में स्थिर बनी रहती हैं। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती है, गैस और धूल के कण वायुमंडल में अधिक समय तक बने रहते हैं, जिससे AQI बढ़ जाता है। साथ ही अत्यधिक स्मॉग के कारण कई बार हानिकारक गैसें वायुमंडल में घुल नहीं पाती हैं।