भोपाल: महिला थाने को आईएसओ प्रमाणपत्र, यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह देश का पहला महिला थाना


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बनाए गए विक्टिम फ्रेंडली महिला पुलिस स्टेशन को आईएसओ टीम द्वारा मूल्यांकन और गुणवत्ता के आधार पर आईएसओ पुरस्कार के लिए चुना गया..!

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का महिला थाना आईएसओ (मानकीकरण के लिए अंतर्राष्ट्रीय संगठन) द्वारा प्रमाणित होने वाला देश का पहला महिला पुलिस स्टेशन बन गया है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बनाए गए विक्टिम फ्रेंडली महिला पुलिस स्टेशन को आईएसओ टीम द्वारा मूल्यांकन और गुणवत्ता के आधार पर आईएसओ पुरस्कार के लिए चुना गया। राजधानी के कई आला अधिकारियों की मौजूदगी में बुधवार को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया।

बताया जा रहा है कि भोपाल का महिला थाना न केवल प्रदेश का बल्कि पूरे भारत का पहला ISO 9001:2015 प्रमाणित पुलिस स्टेशन बन गया है। इस दौरान पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वैसे तो महिलाओं की समस्याओं के लिए सभी थानों में ऊर्जा हेल्प डेस्क सक्रिय है, लेकिन महिलाओं से संबंधित अपराधों के समाधान के लिए यह मुख्य केंद्र है।

इसलिए इस पुलिस स्टेशन को उसी के अनुसार संरचित किया गया है। उम्मीद है कि यह प्रयास महिला संबंधी अपराधों को रोकने एवं प्रभावी ढंग से सुलझाने में काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए महिला थाने के पूरे स्टाफ को बधाई दी। 

आपको बता दें कि भोपाल महिला थाना, जो कभी अपनी नम दीवारों, बदबूदार शौचालयों और जर्जर कमरों के लिए जाना जाता था, पिछले तीन वर्षों में अपने बुनियादी ढांचे पर काम करके शहर का दूसरा आईएसओ प्रमाणित पुलिस स्टेशन बन गया है, पहला मिसरोद  पुलिस स्टेशन है।