मध्य प्रदेश  में मौसम का मिजाज़ बदलने लगा है। प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कड़ाके की ठंड के दौर की आहट दे दी है। मौसम में बदलाव के चलते भोपाल कलेक्टर ने प्राइमरी स्कूल के समय में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। आदेश में लिखा है,

भोपाल अन्तर्गत शीतकालीन मौसम प्रारंभ होने तथा तापमान में गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए विधार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से जिले की कक्षा नर्सरी से कक्षा 5 तक समस्त शासकीय/अशासकीय/सी.बी.एस.ई आदि समस्त प्रकार की शैक्षणिक संस्थाएं प्रातः 9 बजे से पहले संचालित नही होगी।

आपको बता दें भोपाल, जबलपुर, इंदौर समेत 39 जिलों येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां घने कोहरे के असार के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। सोमवार को भी भोपाल, इंदौर, बैतूल समेत 14 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई।

राजधानी भोपाल में रविवार आधी रात के बाद से शुरू हुई बारिश सोमवार रात तक जारी रही। इस दौरान 8.8 मिमी बारिश हुई। यह 10 साल में नवंबर की 1 दिन की सबसे ज्यादा बारिश है। मंगलवार की सुबह भी राजधानी भोपाल में रुक-रुककर बारिश हुई। 10 बजे के बाद धुंध छटी और धूप खिल आई।