सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज दोपहर 12 बजे भोपाल में कैबिनेट की बैठक हुई। मंत्रालय में हुई बैठक में कई मामलों को लेकर अहम फैसले किए गए, जानते हैं कैबिनेट बैठक में हुए अहम निर्णयों के बारे में-

कैबिनेट द्वारा छिंदवाड़ा में इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की स्थापना के लिए पुनरीक्षित ₹ 768.22 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
 
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए कैबिनेट ने सिविल अस्पताल, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सिविल अस्पताल की कुल 226 इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया। 

भारत माला परियोजना के अंतर्गत धार जिले के पीथमपुर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (MMLP) की स्थापना के लिए भू-अर्जन के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान दी है।
 
मध्य प्रदेश सरकार पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक और युवतियों को रोजगार प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजेगी। इस कार्य योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कैबिनेट ने आगामी तीन वर्षों के लिए छह करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। 

मध्य प्रदेश वर्ष 2023 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। इसके आयोजन के लिए कैबिनेट ने ₹177.50 करोड़ के प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। 

मध्य प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग अब सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नाम से जाना जाएगा। कैबिनेट ने आज विभाग के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दी है। 

सीएम राइज योजना मध्य प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने का काम कर रही है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश भर में सर्व-सुविधायुक्त विद्यालयों के निर्माण के लिए आज कैबिनेट ने ₹ 2,660.66 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।