MP News: मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा में पदस्थ महिला SDM की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ हैं. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. डिंडौरी पुलिस ने मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि महिला SDM की हत्या उसके ही पति मनीष शर्मा ने की थी. जिसके बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है.

डिंडौरी पुलिस के मुताबिक, एसडीएम निशा नापित शर्मा के पति मनीष शर्मा ने ही तकिए से मुंह दबाकर अपनी पत्नी को मार डाला था. बालाघाट रेंज के आईजी मुकेश श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए महिला के कपड़ों को वाशिंग मशीन में धोकर सुखा दिया था. इस पूरे हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हत्या की कई धाराओं और सबूत छुपाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है.

रविवार SDM की मौत के अगले दिन सोमवार (29 जनवरी) को मृतक महिला एसडीएम के परिजनों ने उसके पति पर ही हत्या के आरोप लगाए थे, जो जांच में सही निकले हैं. मृतक एसडीएम की बहन नीलमा नापित ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि उनकी बहन के पति मनीष शर्मा ने ही उनकी बहन की हत्या की है और सबूत भी छिपाए हैं क्योंकि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा भी होता था. उन्होंने इस मामले में प्रशासन से जांच की मांग की थी, जिसके बाद सभी आरोप सही साबित हुए हैं.

बता दें कि डिंडौरी जिले के शाहपुरा में पदस्थ एसडीएम निशा नापित शर्मा का रविवार को निधन हो गया था. पहले बताया गया था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान उनकी मौत हुई हैं. घटना के वक्त आरोपी पति भी मौके पर मौजूद था. महिला एसडीएम निशा नापित शर्मा छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर जिले की रहने वाली थी, जहां सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया.