विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद अब भाजपा लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजय हासिल करने के लक्ष्य को सबसे आगे रख रही है। पार्टी ने अपने सातों मोर्चों की जिम्मेदारी तय कर दी है। प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में बड़े स्तर पर लोकसभा चुनाव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत हारी हुई सीटों पर वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए अलग-अलग मोर्चों के कार्यक्रम किए जाएंगे।
प्रत्येक मोर्चा के 25-25 हजार कार्यकर्ताओं के दो बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आमंत्रण देने भाजपा कार्यकर्ता पीले चावल लेकर घर-घर जाएंगे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा है कि सभी मोर्चा समाज को जोड़कर पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ाने का काम करें। जबकि सीएम यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो सीटें भाजपा हारी है, वहां और सक्रियता बढ़ाने और डबल इंजन सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर लोकसभा में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए प्रयास करें।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के मत प्रतिशत को और बढ़ाना है, इसके लिए अभियान चलाएं। मोर्चा पदाधिकारी विकसित भारत एंबेसडर बनाने का अभियान चलाकर नए लोगों को नमो एप से जोड़ें। युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए नव मतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा क्षेत्र में सभी मोर्चा विकसित भारत एंबेसडर बनाने के लिए अभियान चलाकर नए लोगों को जोड़ें, नमो मित्र, नमो वैरियर्स बनाने के कार्य को प्राथमिकता से करें।
बताया जाता है कि इस लोकसभा चुनाव में पार्टी का विशेष फोकस महिला मोर्चा पर होगा। मोर्चा द्वारा स्वसहायता समूह, एनजीओ सहित हर वर्ग के लोगों से संवाद किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला मोर्चा सहित अन्य मोर्चों को किन्नर सम्मेलन और नवयुवती सम्मेलन, युवक सम्मेलन, ट्रेवलर सम्मेलन, विवाह सम्मेलन समेत एक दर्जन से अधिक सम्मेलन आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पीले चावल घर-घर देंगे कार्यकर्ता
यह तय किया गया कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के विराजमान होने के दिन हर व्यक्ति अयोध्या नहीं पहुंच सकता, इसलिए अपने गांव के मंदिर को उस दिन अयोध्या धाम की तरह सजाएं और वहां पूजा-पाठ और भंडारे का आयोजन करें। 22 जनवरी की शाम को हर घर के बाहर 11 दीपक जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाया जाए। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को भाजपा देशभर में उत्सव के रूप में मनाएगी। श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का न्योता देने के लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाएं व लोगों को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का पीले चावल देकर आमंत्रण दें।
विस परिणामों से हताश न हों- कांग्रेस
मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी नागपुर में कांग्रेस की लोकसभा चुनाव अभियान की रैली में शामिल हुए इधर भोपाल में कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेसजनों को रीति-नीति, विचारों और सिद्धांतों के अनुरूप पार्टी की सेवा करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिणाम से हमें निराश नहीं होना है, आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटकर हर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दृढ़ संकल्पित होकर बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य करना है।