बीजेपी के लोग जानबूझकर राम मंदिर और अन्य धार्मिक मुद्दे को इसलिए उभार रहे हैं जिससे आप बुनियादी जरूरतों पर उनसे सवाल ना कर सकें। उनसे सड़क, बिजली, पानी, रोजगार को लेकर सवाल ना कर सकें। ये लोग हिंदुत्व के नाम पर धार्मिक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करते हैं, ताकि मतदाताओं को भ्रमित किया जा सके।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने यह बात दमोह में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। वे शनिवार को मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान को धार देने बुंदेलखंड पहुँची थीं। प्रियंका गांधी के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी जनसभा को सम्बोधित किया।
प्रियंका गांधी ने अपने सम्बोधन में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले भी किये और राजस्थान, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा दी गारंटियों को बताते हुए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के वचनों को पूरा करने की बात कही।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश अब बड़े बदलाव के लिए तैयार है। मध्यप्रदेश सरकार ने पिछले 3 साल में मात्र 21 रोजगार दिए हैं। पिछले 18 साल से सत्ता में हैं। यहां भर्ती से ज्यादा घोटाले हो रहे हैं। खाली पद भरे नहीं जा रहे। देश की संपत्ति बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों को कौड़ियों के दाम पर सौंप दी। इनसे रोजगार कैसे बनेंगे।'
उन्होंने कहा कि सरकार और नेता से आपकी क्या उम्मीद है? इसका जनता की ओर से एक ही जवाब आता है- हमारे जीवन में मुश्किलें बहुत हैं।' दावा करते हुए कहा, 'मध्यप्रदेश बड़े बदलाव के लिए तैयार है। 225 महीने के शासन में 250 घोटाले करने वाली भ्रष्ट भाजपा सरकार जा रही है। भारी बहुमत से कांग्रेस आ रही है।