मध्य प्रदेश में नई सरकार का गठन हो गया है। प्रदेश में नई सरकार के गठन के साथ ही बुधवार को सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ लेते ही मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सीएम मोहन यादव अपने गृहनगर उज्‍जैन पहुंचे। 

यहां पर सीएम मोहन यादव विश्व प्रसिद्ध दक्षिण मुखी ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के धाम में आशीर्वाद लेने पहुँचे।

सीएम डॉ मोहन यादव ने बाबा महाकाल के दर्शन के साथ ही पूजन, आरती और अभिषेक भी किया। इस दौरान  की मुख्‍यमंत्री मोहन यादव के साथ दोनों उपमुख्‍यमंत्री भी मौजूद रहे।
सीएम ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करके इसके संबंध में जानकारी दी है। सीएम ने लिखा है, 

ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम् । उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् ॥ आज भोपाल में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन व पूजन किया और प्रदेशवासियों हेतु सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

आपको बता दें, कि मध्यप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार (13 दिसंबर) को शपथ ली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।
सीएम मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वह शिवराज सरकार में शिक्षा मंत्री रहे हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार विधायकी का चुनाव जीता है।