मध्यप्रदेश में बतौर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सियासी पारी समाप्त हो चुकी है। भविष्य में उनकी राजनीतिक पहचान क्या होगी ये तो कोई नहीं जानता लेकिन शिवराज ने अपनी सोशल पहचान जरूर जाहिर कर दी है।
दरअसल शिवराज ने गुरुवार को अपने X अकाउंट के बायो में फॉर्मर चीफ मिनिस्टर ऑफ मध्य प्रदेश से पहले 'भाई और मामा' जोड़ा है। बड़ी बात यह है कि शिवराज ने बुधवार को अपने बायो में केवल फॉर्मर चीफ मिनिस्टर ऑफ मप्र अपडेट किया था।

इससे पहले जब मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलों का दौर जारी थी तब भी शिवराज यह कह चुके थे कि भैया और मामा से बड़ा कोई पद नहीं। यही नहीं प्रदेश के नए सीएम के शपथ ग्रहण में शामिल होने के बाद शिवराज जब स्टेडियम से बाहर निकले थे तब बड़ी संख्या में लोगों ने उनके काफिले को रोककर मामा मामा के नारे लगाए थे।
वहीं पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शपथ समारोह में जाते वक़्त कहा था कि मित्रो, अब विदा। जस की तस धर दीन्ही चदरिया...। इसके पहले उन्होंने एक पोस्ट में सिर्फ राम राम लिखकर भी अपनी विदाई का संकेत दे दिया था।