करोड़ों रुपये की सतधरू जलापूर्ति योजना द्वारा लोगों के घरों में पानी पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को परियोजना की लाइन फट जाने से गांव में सुनामी जैसा नजारा देखने को मिला। चंद मिनटों में ही पानी ने गांव का नक्शा बदलकर रख दिया। गांव में हर तरफ पानी का सैलाब दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते लोगों के खेत और घर जलमग्न हो गया।

मामला तेंदूखेड़ा प्रखंड के ग्राम पंचायत दिनारी के लीलाधार पाटी गांव का है। यहां शुक्रवार शाम अचानक पाइप लाइन फट गई। इस दौरान यहां पानी का भयानक स्वरूप देख ग्रामीण सहम गए। जिसने भी यह दृश्य देखा वह सहम गया। देखते ही देखते गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए।

बताया जा रहा है कि उप सरपंच बाबूलाल के घर के पास अचानक पाइप लाइन फट गई। पाइप लाइन फटने की वजह इसका जमीन से ऊपर होना बताया जा रहा है। चूंकि पाइपलाइन जमीन के ऊपर थी जिसके कारण लाइन प्रेशर सहन नहीं कर सकी और तेज गति से पानी छोड़े जाने पर फट गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी बाढ़ की तरह जमीन के ऊपर से बहने लगा। 

सबसे ज्यादा नुकसान ग्राम पंचायत के उप सरपंच बाबूलाल सेन और उनके भाई के घर को हुआ है। उनके घर में पानी भर गया और उनके घर छोड़ने के बाद गांव के दर्जनों किसानों के खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की हाल ही में बोई गई फसल बर्बाद हो गई।

सतधारू योजना के कामकाज की निगरानी जल निगम विभाग कर रहा है। विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से पूरा गांव प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पाइप से निकलते फव्वारे के रूप में पानी ने पूरे गांव को तबाह कर दिया। कई घरों का सामान पानी में डूब गया।

इतना ही नहीं लोगों के ओढ़ने और पहनने के कपड़े तक भीग गए। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि घरों में रख सामान खराब हो गया। घटना के बाद लोग तेजगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। तेंदूखेड़ा एसडीएम ने कहा कि मुझे पाइपलाइन फटने की सूचना मिली है। लोगों को जो भी नुकसान हुआ है उसकी भी जांच की जाएगी।