भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार सुबह गुना पहुंचे और घायलों का हाल जाना। साथ ही घायलों के इलाज़ के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के इलाज़ में सभी इंतज़ाम को कहा है। साथ ही बस हादसे की जांच के भी निर्देश दिए हैं।
हादसे में डंपर चालक के साथ परिवहन विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है। बस और डंपर के फिटनेस सर्टिफिकेट पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि डंपर से टक्कर के बाद बस पलटी खाकर सड़क से नीचे जा गिरी और उसमें तुरंत ही आग लग गई।
आग इतनी तेज़ी से फ़ैली कि यात्रियों को संभाले का मौका ही नहीं मिल पाया और कई यात्री इसकी जद में आ गए। मौके पर 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 17 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनका वहां इलाज जारी है।
कई शव बुरी तरह जल चुके हैं और चेहरा देखकर उनकी पहचान करना संभव नहीं हो पा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कल ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।