मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर उत्सुकता का माहौल है। खासकर राजधानी भोपाल के सात सीटों पर चुनावी नतीजे क्या होंगे यह तीन दिसंबर को भोपाल के पुरानी केंद्रीय जेल स्थित मतगणना स्थल से सामने आएगा।
गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भोपाल के पुरानी केंद्रीय जेल स्थित मतगणना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं मतगणना की तैयारियों का अवलोकन किया एवं आवश्यक निर्देश दिए।
इससे पहले बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन रायसेन पहुंचे थे। यहां उन्होंने शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की होने वाली मतगणना की तैयारियों का अवलोकन किया था। इसके बाद विदिशा जिले के शासकीय आदर्श कॉलेज जाफर खेडी पहुंचकर जिले की पांचों विधानसभा के लिए होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया था।
इसके पहले राजन ने निर्वाचन सदन भोपाल से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। बैठक में उन्होंने कहा था कि राजन ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन की मतगणना 3 दिसम्बर को सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी ईवीएम स्ट्रांग रूम और जिस जगह पर पोस्टल बैलेट रखा गया है, उसका प्रतिदिन दो बार सुबह और शाम निरीक्षण करें। उन्होंने प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक-एक माइक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए थे।