मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार दिग्गज नेताओं की मौजूदगी भरा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश में चुनावी सभाएं लीं। पीएम मोदी ने रतलाम में कांग्रेस को परिवारवाद पर जमकर घेरा।

पीएम मोदी ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का नाम लिए बिना कहा कि यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने का कॉम्पिटिशन चल रहा है। ये CM की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रहे। किसका बेटा MP कांग्रेस पर कब्जा करेगा? लड़ाई इसी बात की है। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है।

उन्होंने कहा  कि कांग्रेस के पास झूठी घोषणाओं का भोंपू बच गया है। विकास का ठोस रोडमैप कांग्रेस को पता नहीं। कांग्रेस के नेता, डायलॉग, घोषणाएं फिल्मी हैं। जब किरदार फिल्मी हैं, तो सीन भी फिल्मी होगा। MP का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं।

कांग्रेस को घोटाले की गारंटी बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस मतलब राज्य में घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलित-पिछड़ों-आदिवासियों से अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। ये अपने-अपने चेलों को बताते हैं कि एक बार मौका मिल गया तो इसके बाद ये खुद के कपड़े फाड़ेंगे, आपके भी फाड़ेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि MP के लोगों का BJP पर अटूट विश्वास है। भाजपा ने MP को एग्रीकल्चर, रोड और रेल नेटवर्क में आगे बढ़ाया। औद्योगिक विकास किया, आधुनिक शिक्षा का हब बनाया। इसलिए MP के लोग भाजपा पर अटूट विश्वास करते हैं।