दमोह के जबेरा से बीजेपी विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी अब मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री बन चुके हैं। सीएम मोहन यादव की कैबिनेट में धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली। वही अब एक विवादित बयान से जुड़ा उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने क्षेत्र की सड़कों की तुलना अपनी पार्टी के वरिष्ठ सांसद और अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्रियों हेमा मालिनी के अलावा चर्चित एक्ट्रेस कैटरीना कैफ के गालों से की थी। धर्मेन्द्र सिंह लोधी का यह वीडियो पहले भी जमकर वायरल हुआ था और उनकी काफी किरकिरी हुई थी।

दरअसल धर्मेन्द्र सिंह लोधी का यह वीडियो विकास यात्रा के तहत क्षेत्रों का भ्रमण के दौरान का था। भ्रमण के दौरान उन्होंने अपने इलाके के एक गांव में लोगों से पूछा था कि उनके इलाके में सड़कों की क्या हालत है? साथ ही कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सड़कें बनाने की इजाजत दे दी है, अब सड़कें हेमा मालिनी के गालों जितनी चिकनी होंगी।  

इसी बीच उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से आगे कहा कि हेमा मालिनी तो पुरानी हैं, नई हीरोइन का नाम बताएं तो लोगों ने कैटरीना कैफ का नाम लिया, लेकिन फिर लोधी ने कहा कि कैटरीना भी पुरानी हैं, नई हीरोइन का नाम बताएं।  अपनी ही पार्टी की सांसद हेमा मालिनी पर विधायक लोधी की यह टिप्पणी विवादों में आ गई थी। कांग्रेस ने भी इस कमेंट को लेकर सवाल उठाये थे। अब मंत्री बनने के बाद फिर यह पुराना वीडियो सुर्ख़ियों में आ गया है।