मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अचानक दिल्ली से फिर बुलावा आया है। अब शनिवार शाम वे फिर दिल्ली रवाना होंगे। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आज शाम को दिल्ली में अंतिम दौर की चर्चा के बाद मंत्रियों के नाम तय हो जायेंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार को उज्जैन में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में उनकी प्रमुख पार्टी नेताओं से चर्चा होना है। कहा जा रहा है कि सीएम मोहन यादव के दिल्ली से लौटते ही मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।

इससे पहले सीएम डॉ. यादव गुरुवार को भी दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को ही दिल्ली से भोपाल लौटे थे।

बताया जा रहा है कि CM यादव की आलाकमान से चर्चा के बाद भी मंत्रिमंडल के कुछ नामों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। यही कारण है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें महज 24 घंटे के भीतर ही दोबारा दिल्ली बुलाया है।

सूत्रों का कहना है कि मप्र में यादव कैबिनेट में सीनियर जूनियर्स के अलावा महिला मंत्रियों की तादात भी पिछली बार के मुकाबले ज्यादा होगी। पहले मंत्री रहीं महिला विधायक के अलावा कुछ नयी महिला विधायक भी इसमें शामिल होंगी। भाजपा हाइकमान ने अंचलवार भी कैबिनेट में महिला प्रतिनिधित्व की योजना बनाई है।

मप्र में यादव कैबिनेट में इस बार पहली बार के भाजपा विधायकों की उम्मीद भी जवां हैं। दरअसल छत्तीसगढ में पहली बार जीते पांच विधायकों को मंत्री पद देकर भाजपा ने पुरानी लीक तोड़ दी है। ऐसे में मप्र में पहली बार चुनाव जीते भाजपा विधायकों को लोकसभा चुनाव व जातिगत आधार पर प्रवेश की संभावना बन गई हैं। इससे हाइकमान व सीएम भी पुराने चेहरों के दबाव व प्रभाव से भी मुक्त हो सकेंगे।'