मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से संसद भवन में मुलाकात की है। मुलाक़ात को हालाँकि सौजन्य भेंट बताया जा रहा है लेकिन बीजेपी जिस तरह लोकसभा चुनाव में जुटी है उसे देखते हुए ये मुलाक़ात अहम मानी जा रही है।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  भी 11 फरवरी को झाबुआ में एक जनसभा को संबोधित कर लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रहे हैं। वहीं भाजपा के चाणक्य अमित शाह द्वारा कमान हाथ में लिये जाने के बाद विधानसभा चुनाव का पूरा परिदृश्य ही बदल गया था। ऐसे में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मुलाक़ात सियासी गलियारों की सुर्ख़ियों में है।

11 फरवरी को पीएम मोदी की सभा के लिए आदिवासी बहुल सीट झाबुआ को चुना गया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को आदिवासी बाहुल्य सीटों पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया था। इस बार भी भाजपा ने आदिवासी सीटों पार ख़ास फोकस बनाया हुआ है। भोपाल में भी बीजेपी चुनाव समिति की अहम बैठक हो रही है। जिसमे लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है।

Image

इधर लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही केन बेतवा लिंक परियोजना के शिलान्यास की तैयारी भी चल रही है। यह परियोजना बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास और सियासत में मील का पत्थर साबित हो सकती है। सिंचाई क्षमता बढ़ने के साथ-साथ बिजली उत्पादन भी बढ़ेगा। औद्योगिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा। कहा जा रहा है कि सीएम यादव प्रधानमंत्री मोदी को इसी कार्यक्रम का न्यौता देने पहुंचे हैं।

Image

केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है और बजट में 3500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना को लेकर की जा रही तैयारियों की भी जानकारी साझा की गई।  इसके अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातियों (बैगा, भारिया एवं सहरिया) के परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। जिसमें आवास निर्माण के लिए दो लाख रुपये दिये जायेंगे।