16 दिसंबर को हर साल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। विजय दिवस के इस मौके पर मध्यप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन यादव शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शौर्य स्मारक पहुंचे। इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही शहीदों को नमन किया।

विजय दिवस के अवसर पर बोलते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, "आज के दिन भारत ने पाकिस्तान पर विजय प्राप्त कर पाकिस्तान को 2 हिस्सों में बांटा था और बांग्लादेश बनाया था। ये हमारे पराक्रम की पराकाष्ठा थी कि युद्ध में सरकार के निर्णय का पालन कर सेना ने उसे अंजाम तक पहुंचाया। जल सेना, थल सेना और वायु सेना ने 93 हजार सैनिकों से समर्पण कराया। मैं आज के इस अवसर पर सैनिकों को याद करना चाहूंगा जिन्होंने भारत को ये गौरवशाली क्षण दिया है। हमें हमारी सेना पर गर्व है।

बता दें कि 1971 की जंग में भारत ने पाकिस्तान सेना को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया था। भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे और बांग्लादेश नाम का नया देश अस्तिव में आया था। हर साल 16 दिसंबर को देश में विजय दिवस मनाया जाता है।