मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी 16 दिसंबर को भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन के प्रवास पर हैं। उज्जैन सीएम मोहन यादव का ग्रह नगर भी है। सीएम का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या सीएम यादव उज्जैन मे ही रात्रि विश्राम करेंगे।

इसके विपरीत उज्जैन के बारे में कई वर्षों से यह मिथक प्रचलित है कि यहां कोई भी सीएम या पीएम रात्रि विश्राम नहीं करता। इस मिथक को लेकर पंडितों और पुजारियों की भी अलग-अलग राय हैं। अब इसे लेकर नव निर्वाचित सीएम डॉ.मोहन यादव का बयान भी सामने आया है।

CM मोहन यादव का कहना है, कि वे आज रात उज्जैन में ही रुकेंगे। उन्होंने ये कहा कि मैं यहां का विधायक हूं। मैंने अपने आप को मुख्यमंत्री नही मानाता। अब ये सब महाकाल पर छोड़ दिया है कि आगे क्या होगा। कहा जाता है कि उज्जैन महाकाल की नगरी में कोई भी दूसरा राजा रात नही रुक सकता है जबकि प्रदेश के मुखिया को ही राजा माना जाता है।

सीएम मोहन यादव शनिवार दोपहर को उज्जैन पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। डॉ. मोहन यादव का शहर भर में नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आमसभा को भी संबोधित किया। डॉ. मोहन यादव के स्वागत के लिए उज्जैन के आसपास के जिलों से भी भाजपा नेता और कार्यकर्ता उज्जैन पहुंचे हैं। इसके अलावा कई विधायक भी स्वागत रैली में शामिल हुए।