रतलाम जिले के जावरा एसडीएम के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्ती दिखाई है। किसानों को गाली देने वाले रतलाम के जावरा एसडीएम अनिल भाना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यालय अटैच कर दिया है।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनता से अभद्रता करने वाले अधिकारियों पर सख्त एक्शन लिया है। जावरा एसडीएम की किसानों से अभद्रता के वायरल वीडियो पर भी CM यादव ने सख्ती दिखा प्रदेश के अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया है।

जावरा एसडीएम पर एक्शन की जानकारी देते हुए CM मोहन यादव ने X पर लिखा- रतलाम जिले के जावरा एसडीएम द्वारा ग्रामीणों से अभद्रता का कृत्य, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। मेरे निर्देश पर एसडीएम को जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे चेतावनी देते हुए लिखा कि सुशासन हमारा मूल मंत्र है। मध्यप्रदेश में नागरिकों से इस तरह का अशोभनीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि रतलाम जिले के जावरा एसडीएम अनिल भाना का किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने का वीडियो सामने आया है। किसान उनसे कह रहे हैं कि साहब, गलत शब्द मत बोलिए। प्यार-मोहब्बत से बात कीजिए। जिस पर एसडीएम ने कहा, 'मैं 25 बार गालियां दूंगा, मेरे साथ तमीज से रहना, आप मुझे नहीं जानते।' उन्होंने एक किसान से यह भी कहा, 'समझेगा नहीं, कहां जाएगा?'

मामले के तूल पकड़ने पर एसडीएम अनिल भाना ने अपनी सफाई में कहा था कि 'मैंने किसी भी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया। मेरे साथ रेलवे स्टाफ भी था। किसानों को समझाया तो वे गाली-गलौज करने लगे। वहां गांव का सरपंच भी था। मुआवजा भी दोगुना दिया जा रहा है।