पूर्व मंत्री स्व सरताज सिंह को गुरुवार को निधन हो गया था।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज श्रद्धा सुमन अर्पित करने उनके घर पहुंचे। आज राजकीय सम्मान के साथ इटारसी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सीएम शिवराज ने लिखा-केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे श्री सरताज सिंह जी के पार्थिव देह के आज अंतिम दर्शन कर पुष्पचक्र अर्पित किया व शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।ईश्वर से प्रार्थना है कि वह पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।

इससे पहले सीएम शिवराज ने  बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री सरताज सिंह के निधन पर ट्विट कर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की थी। उन्होंने लिखा था कि 
मैं पहली बार अगर कोई चुनाव प्रचार करने भोपाल के बाहर गया तो वह इटारसी के नगर पालिका चुनाव में गया था। जिसमें सरताज जी हमारे नेता थे। समर्पित, कर्मठ और परिश्रमी नेता थे। जनता के दिलों पर वो राज करते थे। 5 बार वह सांसद 2 बार विधायक रहे।मेरे मंत्रिमंडल के सदस्य के नाते भी उन्होंने प्रदेश के विकास में पीडब्ल्यूडी के माध्यम से बहुत उल्लेखनीय योगदान दिया।

गौरतलब है कि भोपाल में इलाज़ के दौरान सरताज सिंह ने अंतिम सांस ली थी। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सरताज सिंह 5 बार के सांसद और 2 बार के विधायक थे। वे अटल बिहारी वाजपेयी की 13 दिन की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे। वे 2008 से 2016 तक मप्र सरकार में मंत्री रहे।

सरताज सिंह  2018 के विधानसभा चुनाव में अपनी परंपरागत सीट सिवनी मालवा से टिकट न मिलने पर वे भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। कांग्रेस ने उन्हें नर्मदापुरम से टिकट दिया था। इस सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने सरताज सिंह को चुनाव हरा दिया था। विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे नर्मदापुरम और प्रदेश की राजनीति में बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं रहे थे और उन्होंने  बाद में भाजपा में उन्होंने वापसी कर ली थी।