MP Politics: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने राहुल गांधी के ‘पनौती’ वाले बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने पनौती शब्द का इस्तेमाल किए बिना राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, राहुल गांधी जी राष्ट्रीय शर्म हैं. वह आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विरोध में विद्वेष से इतने भरे हैं कि उन्होंने देश की हार पर प्रसन्नता व्यक्त कर दी. जब सारी जनता की आंखों में आंसू थे और तब राहुल गांधी आनंद मना रहे थे, बुद्धि हीनता का इससे बड़ा उदाहरण दूसरा नहीं हो सकता. कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल बाबा अपने ऐसे बयानों से कांग्रेस को समाप्त करके मानेंगे.

सीएम शिवराज पर कमलनाथ ने साधा निशाना-

हालांकि, सीएम शिवराज के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यानी ट्विटर के जरिये एक पोस्ट में लिखा, शिवराज जी अब मध्य प्रदेश में आपको कोई नहीं सुन रहा तो आप राजस्थान में जाकर अपनी झूठ मशीन का अभियान चला रहे हैं. आप राजस्थान को बताइए कि मध्य प्रदेश को आपने घोटालों में नंबर वन बना दिया, महिला अत्याचार में नंबर वन बना दिया, आदिवासी अत्याचार में नंबर बना दिया और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया.

कमलनाथ ने आगे लिखा, आप अपनी उपलब्धियां सुनाइए कि कैसे आपने डंपर घोटाला किया, व्यापम घोटाला किया, महाकाल लोक घोटाला किया, पटवारी भर्ती घोटाला किया, आरक्षक भर्ती घोटाला किया और मध्य प्रदेश का नाम घोटाले से बदनाम कर दिया. इसलिए ना तो मध्य प्रदेश की जनता अब आपकी बातों पर भरोसा करती है और ना ही राजस्थान की जनता आपकी घोषणा मशीन को सुनने में समय बर्बाद करेगी.

दरअसल, राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए जालौर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि पीएम मोदी क्रिकेट मैच में चले जाएंगे, वह अलग बात हैं की मैच हरवा दें, पनौती! पीएम मतलब पनौती मोदी. उन्होंने कहा कि हमारे लड़के वर्ल्डकप जीत जाते, मगर पनौती ने उन्हें मैच हरवा दिया. फिलहाल, इस आपत्तिजनक बयान के बाद से एक तरफ राहुल गांधी के खिलाफ़ FIR दर्ज करवाने की मांग उठाने लगी हैं तो वहीं दूसरी तरफ सियासत भी जारी हैं.