भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शपथ लेने के बाद से ही फुल एक्शन मोड में नज़र आ रहे हैं। सीएम यादव 20 दिसंबर की रात भोपाल के जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल स्थित रैन बसेरों में रह रहे मरीजों, उनके परिवारों से मिले और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। 

रैनबसेरों में रोगियों और उनके परिजनों से मिलने के साथ सीएम यादव ने यहां रह रहे निर्धन वर्ग के लोगों, श्रमिकों से बातचीत की और उन्हें ठंड से बचाव के लिए कंबल प्रदान किए। उन्होंने कैंसर के अलग-अलग प्रकारों से जूझ रहे रोगियों को ढांढस भी बंधाया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सीधी जिले के अजय पांडे, ललितपुर उत्तर प्रदेश के विनोद कुशवाहा ,मैहर की लल्ली कुशवाहा, पन्ना की चाहना राय और बीना की गुलाबबाई से भेंट कर हालचाल पूछा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उपस्थित चिकित्सकों से भी रोगियों के बेहतर उपचार के संबंध में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि रैन बसेरों में रहने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में बुधवार यानी 20 दिसंबर की रात मैंने रैन बसेरा में रह रहे मरीजों, उनके परिजनों और नागरिकों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि रात्रि विश्राम करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आवश्यक निर्देश भी दिये हैं।