मध्य प्रदेश में नए साल में मुख्यमंत्री मोहन यादव की दूसरी कैबिनेट बैठक जबलपुर में होने जा रही है। सीएम यादव के इस फैसले को लेकर कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने सीएम मोहन की तारीफ़ों के कसीदे गढ़ते हुए अपने X हौंडल पर एक वीडियो और एक के बाद एक कई पोस्ट साझा किए हैं।
दरअसल फरवरी 2019 में पहली बार जबलपुर में कैबिनेट की बैठक हुई थी। इसके बाद तन्खा ने हाल ही में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस की ओर से सीएम फेस रहे पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ से ये वादा लिया था, कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो जबलपुर में कैबिनेट की बैठक करवाई जाएगी। तन्खा ने ये भी कहा था, कि अगर बैठक जबलपुर में न करवाई गई तो वे कमलनाथ के घर के बाहर धरना देंगे।
कांग्रेस नेता विवेक तन्खा का कहना है कि अब कमलनाथ के घर पर धरना देने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि प्रदेश की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार विवेक तन्खा के इस संकल्प को 3 जनवरी 2024 को कैबिनेट मीटिंग जबलपुर में करा कर पूरा करने जा रही है।
तन्खा ने कहा है, कि मुझे जबलपुर से प्रेम है। उसकी उपेक्षा से मैं नाराज़ था। मुझे ख़ुशी है राकेश सिंह और अन्य माननीय विधायकों के प्रयासों से 3 जनवरी को फिर जबलपुर में इतिहास रचेगा।
गौरतलब है कि दिग्गज नामों को दरकिनार कर मुख्यमंत्री बनाये गए मोहन यादव अपने फैसलों से न सिर्फ अपनी पार्टी बल्कि विपक्षी दल के नेताओं को भी मुरीद बना रहे हैं। जनहित पर सख्त फैसलों के चलते ही कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने CM मोहन यादव की तीसरी बार तारीफ की है।