मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार (22 दिसंबर को) नई दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल के नामों को लेकर अंतिम सहमति बनने की उम्मीद जताई जा रही है।
PM मोदी से CM मोहन यादव की मुलाक़ात शुक्रवार सुबह हुई। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी साथ थे। इस मुलाक़ात को लेकर CM मोहन यादव ने जानकारी भी शेयर की।
उन्होंने X पर बताया कि मुलाक़ात में मध्यप्रदेश के विकास, प्रगति और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही विशवास जताया कि प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान रचे, इसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वहीं यह भी माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल को लेकर PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से सीएम यादव की मुलाक़ात बेहद अहम है। मंत्रिमंडल पर मंथन के बाद शुक्रवार की शाम तक नाम फाइनल कर लिए जाएंगे और प्रदेश में 23 दिसंबर को मंत्रीमंडल का विस्तार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भी बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी शामिल हो सकते हैं। इससे पहले गुरुवार रात CM मोहन ज्यादा की डिनर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मुलाक़ात को अहम माना जा रहा है।