मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को इंदौर के हुकुमचंद मिल मजदूरों के खाते में राशि ट्रांसफर करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर पहुंचे CM मोहन यादव ने एयरपोर्ट पर एशियाई चैंपियनशिप में घुड़सवारी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली सुदीप्ति हजेला को सम्मानित किया।

इंदौर की बेटी सुदीप्ति हजेला ने चीन में हुए एशियन गेम्‍स में घुड़सवारी में गोल्‍ड मेडल जीतकर देश के साथ इंदौर का भी नाम राेशन किया था। सुदिप्‍ती के प्रयास से भारत को 41 वर्षों के बाद एशियन खेल में घुड़सवारी स्पर्धा में स्वर्ण पदक मिल सका था। इस उपलब्धि के बाद आज CM मोहन यादव ने भी इंदौर पहुँचने पर सुदीप्ति का सम्मान किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सोमवार सुबह 11 बजे इंदौर पहुंचे। हैलीपेड पर उनका स्वागत महापौर पुष्यमित्र भार्गव और कैलाश विजयवर्गीय ने किया। इस दौरान तुलसी सिलावट, महेंद्र हार्डिया व अन्य भी मौजूद थे। इसके बाद CM यादव नंदा नगर क्षेत्र स्थित कनकेश्वरी धाम में आयोजित हुकुमचंद मिल मजदूरों के हितलाभ वितरण कार्यक्रम में पहुंचे।

इंदौर में आज मुख्यमंत्री मोहन यादव शहरवासियों को संबोधित भी करेंगे। वे 8 विभागों के कुल 71 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों की कुल लागत 105.73 करोड़ हैं। इसी तरह 3 विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास भी किया जाएगा जिनकी कुल लागत 322.85 करोड़ हैं। 175 दिव्यांगजनों को रेट्रोफिटेड स्कूटी का वितरण भी होगा।