मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समय दिल्ली के दौरे पर हैं। जहां प्रदेश में मंत्रिमंडल को लेकर मंथन चल रहा है। कहा जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार को लेकर वह शुक्रवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी बैठक हो सकती हैं। बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी शामिल हो सकते हैं।

इससे पहले सीएम मोहन यादव ने गुरुवार की रात ने दिल्ली में राज्य के सांसदों से मुलाकात की। मध्यप्रदेश भवन में हुई इस सौजन्य मुलाकात में प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी के साथ ही सीएम यादव ने सभी के लिए रात्रि भोज का भी आयोजन किया।

इस शिष्टाचार डिनर में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महासचिव हितानंद शर्मा और राष्ट्रीय सह संगठन महासचिव शिव प्रकाश के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। वहीं विपक्ष के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा भी सीएम यादव के बुलावे पर डिनर का हिस्सा बनें।

दोनों ने सीएम यादव से सौजन्य भेंट की। इस बीच सीएम को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा- जनता ने उन्हें मौका दिया है। अब उन्हें अपना वादा पूरा करना होगा, गारंटी पूरी करो। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर हमसे सकारात्मक सहयोग मांगा जाएगा तो हम देंगे।