मध्यप्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत 16 दिसंबर को उज्जैन के दशहरा मैदान से होगी। यात्रा के माध्यम से सरकार जनहितैषी योजनाओं को जनता के बीच ले जाकर प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर पकड़ मजबूत बनाने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' की तैयारियों को लेकर हाईलेवल मीटिंग की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दौरान वीसी के माध्यम से यात्रा के स्वरूप और गतिविधियों पर प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद जन प्रतिनिधियों, कलेक्टर्स से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये।
मीटिंग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप जनहित और जनकल्याण के लिए शुरु की गई यात्रा का क्रियान्वयन मोदी की गारंटी की साख और गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों और सुविधाओं के बारे में जागरूकता सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को सुगम बनाना है। यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस पर होगा।