मध्यप्रदेश में चुनावी चुनावी गर्मी के बीच सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में 15 तारीख के बाद कड़ाके की ठंड शुरू होने  का अनुमान है। मौसम में बदलाव के कारण कई जिलों में बूंदाबांदी भी होगी।

प्रदेश के 32 जिलों में रिकॉर्ड तापमान के अनुसार 18 जिलों का न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। वहीं अधिकतम तापमान में भी बड़ी गिरावट आई है।  सोमवार को 14 जिलों का अधिकतम तापमान गिरकर भी 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि 15 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से प्रदेश के वातावरण में नमी बढ़ेगी और आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश की ग्वालियर और चंबल संभाग और बुंदेलखंड में भी कुछ स्थानों में हल्की बारिश हो सकती है

इसके बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी। पचमढ़ी बीते 24 घंटों में सबसे ठंडा रहा, जहां 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. तो वहीं दूसरे नंबर पर राजगढ़ जिला रहा जहां 12.6 डिग्री तापमान देखने को मिला है।