मध्यप्रदेश  विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों के ऐलान के बाद विरोध और बगावत को देखते हुए कांग्रेस ने अपने चार प्रत्याशियों को बदल दिया है। कांग्रेस ने बुधवार को चार विधानसभा सीटों पर अपने घोषित प्रत्याशियों के स्थान पर नए नामों का ऐलान किया।

अब इसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है, बीजेपी नेता नरेंद्र सलूजा ने अपने X हैंडल पर तंज कसते हुए लिखा- हमने तो एक दिन पूर्व ही बता दिया था कि कांग्रेस 4 टिकट बदल रही है... आख़िर कांग्रेस ने बदल ही दिये... शुजालपुर को लेकर दिग्विजय सिंह जी का दबाव नहीं चल पाया , कमलनाथ अड़े... जिसके कारण वहाँ का टिकट नहीं बदला जा सका।

सलूजा ने आगे लिखा अभी भी 2 टिकट और बदले जा सकते है... वीरेन्द्र रघुवंशी के साथ धोखा ही धोखा.... जब विरोध के कारण 4 बदल दिये तो बाक़ी ने क्या बिगाड़ा , 40 से अधिक स्थान पर विरोध , उनको भी बदलना चाहिये कांग्रेस को.... उनके साथ धोखा कर रही है कांग्रेस... इस निर्णय के बाद समझा जा सकता है कि कांग्रेस के टिकट सर्वे के आधार पर नहीं कोटे के आधार पर बँटे थे... अभी तक 7 बदले जा चुके है।

आपको बता दें, कांग्रेस ने अब सुमावली सीट पर अजब सिंह कुशवाहा को कुलदीप सिकरवार की जगह और पिपरिया से वीरेंद्र बेलवंशी को गुरूचरण खरे के स्थान पर उम्मीदवार बनाया है।   इसी तरह बड़नगर में कार्यकर्ताओं की जबर्दस्त नाराजगी को देखते हुए मुरली मोरवाल को एक बार फिर  मौका दिया है। मुरली मोरवाल को राजेंद्र सिंह सोलंकी के स्थान पर उतारा गया है। वहीं जावरा से हिम्मत श्रीमाल के बजाए अब वीरेंद्र सिंह सोलंकी मैदान में होंगे।