कांग्रेस नेता राजा पटेरिया का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषण सोशल मीडिया पर वायरल है। भाषण में पटेरिया पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर पटेरिया फंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे नफ़रत की पराकाष्ठा बताया है वहीं MP के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राजा पटेरिया के ख़िलाफ़ तत्काल FIR करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की असलियत सामने आ रही है। कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में नहीं हरा पा रही है तो वह नफ़रत की हद पार कर रही है। सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री देश की आस्था के केंद्र हैं। कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून अपना काम करेगा।
वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस बयान से पता चलता है, कि ये महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है। ये इटली की कांग्रेस है और उनकी मानसिकता मसोलनी वाली रहती है। गृहमंत्री का कहना है कि जिस तरह से उनकी यात्रा में स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार जैसे लोग चल रहे हैं उससे कांग्रेस की मानसिकता स्पष्ट हो जाती है। इसके बाद नरोत्तम मिश्रा ने एसपी को पटेरिया के ख़िलाफ़ FIR करने के निर्देश दिए।
वैसे तो राजनीति में एक-दूसरे पर अपशब्द बोलना सामान्य बात है, लेकिन जब नेता भाषण के दौरान अभद्र हो जाते हैं तो वह सामान्यता चर्चा का विषय बन जाती है। भारत के पीएम का पद गरिमा का पद होता है ये एक बहुत ही प्रतिष्ठित पद है, लेकिन कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के दौरान एक विपक्षी नेता ने इस पद की तुलना हार और सत्ताधारी की हत्या से कर दी।
ट्विटर पर पटेरिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह चुनाव जीतने और प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक हत्या की बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को देखकर लग रहा है कि पटेरिया कार्यकर्ताओं का हौसला नहीं दे रहे बल्कि पीएम मोदी के ख़िलाफ भड़का रहे हैं। पटेरिया कार्यकर्ताओं से कहते नजर आ रहे हैं कि "मोदी चुनावों को बर्बाद कर देंगे, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देंगे, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की जान जोखिम में है, संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या कर डालो।"
हालांकि बाद में वीडियो में नेताजी हत्या शब्द को हार के रूप में परिभाषित करते नजर आ रहे हैं और कहते हैं कि मार का मतलब हार होता है। वायरल वीडियो पन्ना जिले के पवई का बताया जा रहा है।